कौन सा देश किसका साथ देगा ,अगर भारत और चीन का युद्ध हुआ तो
भारत और चीन के बीच करीब पिछले दो महीनों से डोकलाम को लेकर विवाद चल रहा है. भारत-भूटान-चीन की सीमा पर मौजूद डोकलाम पर दोनों देशों की सेना तैनात हैं. चीन लगातार भारत पर सेना हटाने का दबाव बना रहा है, वहीं भारत भी इस बार डट गया है. भारत के इसी रुख को देखते हुए चीन लगातार भारत को युद्ध की धमकी दे रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर आज की स्थिति में भारत और चीन के बीच युद्ध होता है तो दुनिया के शक्तिशाली देश किसका साथ दे सकते हैं... आइए समझते हैं.
भारत के साथ कौन-कौन से देश?
अमेरिका
अमेरिका मौजूदा समय में भारत का सबसे ताकतवर दोस्त है. अमेरिका लगातार डोकलाम मामले पर नजर बनाए हुए हैं. US की ओर से बयान भी आ चुका है कि भारत हमारा अच्छा दोस्त है, चीन और भारत को इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाना चाहिए. इससे पहले पूर्व अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा और अमेरिका के इलिनोइ से सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने डोकलाम विवाद के लिए चीन को जिम्मेदार बता चुके हैं. आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप का रुख चीन को लेकर कड़ा रहा है, क्योंकि अमेरिका की नाक में दम करने वाले नॉर्थ कोरिया के लिए चीन हमेशा ही नरम रुख अपनाता रहा है.
जापान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी पीएम शिंजो अबे की दोस्ती का असर यहां पर भी दिखा है. जापान ने खुले तौर पर भारत का साथ दिया है. जापान के राजदूत केंजी हीरामत्सू ने आजतक से बातचीत में कहा, 'डोकलाम को लेकर पिछले करीब दो महीनों से तनातनी जारी है. हमारा मानना है कि इससे पूरे क्षेत्र की स्थिरता प्रभावित हो सकता है, ऐसे में हम इस पर करीबी नजर बनाए हुए हैं.' इसके साथ ही उन्होंने कहा, चीन और भूटान के बीच इस क्षेत्र को लेकर विवाद है. जहां तक भारत की भूमिका की बात है, तो हम मानते हैं कि वह भूटान के साथ अपने द्विपक्षीय समझौते के आधार पर ही इस मामले में दखल दे रहा है.